राशन की किट नहीं मिलने से परेशान महिलाओं ने छारबाग तिराहे पर दिया धरना
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। बिना राशनकार्ड धारकों को तहसील से राशन की किट नहीं मिलने के कारण गुस्साई गरीब महिलाओं ने हंगामा किया। छारबाग तिराहे पर जाम लगाने के साथ चंद्रवार गेट पुल पर जाम का प्रयास किया। गरीब महिलाएं एवं परिवार सामाजिक दूरी बनाते हुए आंदोलन करते रहे। थाना प्रभारी लाइनपार ने पहुंचकर पहले धमकाने का प्रयास किया तो महिलाओं ने कहा कि भूखे हैं जेल भेज दो कम से कम रोटी तो मिलेगी। बाद में थाना प्रभारी ने किट दिलाने का भरोसा दिया। तब वापस लौटीं।
कोरोना संक्रमण एवं लॉकडाउन के कारण जिन गरीबों के पास राशनकार्ड नहीं है उनको तहसील से राशन की किट दी जा रही है। इसकी सूची क्षेत्रीय लेखपालों की ओर से तैयार करके किटों का वितरण किया जा रहा है। छारबाग क्षेत्र के करीब 150 परिवारों को अभी तक राशन किट नहीं दी गई। राशन की किट नहीं मिलने से परेशान गरीब तबके की महिलाओं ने शुक्रवार को छारबाग तिराहे पर पहुंचकर जाम लगाने का प्रयास किया। महिलाएं एवं साधु सामाजिक दूरी बनाते हुए तिराहे पर धरने पर बैठ गए। काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा तो वह चंद्रवार गेट पुल के पास पहुंच गई। महिलाओं ने पुल के पास हंगामा किया।
महिलाओं का कहना था कि पार्षद संजय गोरख ने लिस्ट बनाकर दी थी लेकिन हम लोगों को कोई राशन नहीं मिला है। पीड़ितों ने राशन सामग्री को मनमाने ढंग से बांटने वाले लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मांग करने वालों मं संजय प्रजापति, राजीव कुमार, नीतू देवी, पवन कुमार, संतराम प्रजापति, लक्ष्मीकांत, मौजीराम, चंचल, अनीतादेवी, विमलेश कुमारी, सुधा देवी, कस्तूरी देवी, रामकली, राम प्यारी, सुमित प्रजापति सहित काफी महिलाएं शामिल थीं। थाना प्रभारी लाइनपार कमलाशंकर ने कहा कि फ्री राशन किट की मांग को लेकर महिलाएं जमा हुई थीं। उनको समझाकर भेज दिया है। तहसील प्रशासन से बात करके किट को बंटवाने की व्यवस्था की जाएगी।