चोरी की घटना के बाद गृह स्वामिनी को ढांढस बंधाती महिलायें।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद। कोरोना महामारी के बाद अब नगर में लूट, चोरी और छिनैती की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। बृहस्पतिवार रात मोहल्ला रुकनपुर में एक बैटरी कारोबारी के यहां चोरों ने धावा बोल दिया। चोर छत के रास्ते टट्टर को हटा कर घर में आए और कमरे का ताला तोड़ कर उसमे रखी अलमारी से ढाई लाख रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घनी बस्ती में चोरी की घटना की जानकारी होते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। पीड़ित की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
रुकनपुर निवासी असलम (35) पुत्र मुख्तार अंसारी का मैनपुरी रोड पर गोल्डन बैटरी के नाम से कारोबार है। बृहस्पतिवार सुबह असलम अपनी पत्नी नाज अंसारी और दो बच्चों के साथ फिरोजाबाद ससुराल गया था। रात में ससुरालीजनों ने नहीं आने दिया। घर पर उसके बुजुर्ग पिता थे। रात में चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और अंदर कमरे का ताला तोड़ कर लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी क ले गए। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे असलम बच्चों के साथ घर लौटा तो कमरे का ताला टूटा देख हैरान रह गया। कमरे में अलमारी खुली पड़ी थी। कमरे में सामान बिखरा था और अलमारी में रखी नगदी और आभूषण लापता थे। चोरी की खबर होते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। जिसमें ढाई लाख रुपये और लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण चोरी होना बताया है। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि मोहल्ला रुकनपुर में चोरी हुई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।