टूंडला थाने में शिकायत लेकर पहुंचे प्रधानाचार्य की पिटायी से घायल छात्र सौरभ चौधरी व परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
टूंडला शहर के टूंडला पब्लिक स्कूल में होमवर्क न करने पर छात्र को प्रधानाचार्य ने इतना पीटा कि उसके कान का पर्दा फट गया। मां शिकायत लेकर पहुंची तो प्रधानाचार्य और उसकी पत्नी ने अभद्र व्यवहार करते हुए स्कूल से बाहर कर दिया। छात्र के पिता ने प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव अलावलपुर निवासी देवी सिंह का पुत्र सौरभ चौधरी (15 वर्ष) एटा रोड स्थित टूंडला पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 का छात्र है। आरोप है कि बुधवार को वह स्कूल पहुंचा तो प्रधानाचार्य मनोजपाल सिंह ने होमवर्क पूरा न करने पर अपशब्द कहे। उसकी लात घूंसों से पिटाई लगा दी। छुट्टी होने के बाद सौरभ घर पहुंचा। मां को बताया कि उसके कान में दर्द हो रहा है। स्कूल की पूरी घटना को भी बयां कर दिया। मां मीना देवी गुरुवार को शिकायत लेकर स्कूल पहुंची। प्रधानाचार्य ने सौरभ की मां से भी अभद्र व्यवहार किया। उसका भविष्य खराब करने की धमकी दी। मीना देवी ने विरोध किया तो प्रधानाचार्य की शिक्षक पत्नी ने धक्के मारकर उनको स्कूल से बाहर निकाल दिया। छात्र के कान में अधिक दर्द होने पर गुरुवार को उसे आगरा दिखाया गया। चिकित्सक ने परिवारीजनों को बताया कि छात्र के कान का पर्दा फट गया है। उसके कान का ऑपरेशन किया गया। बेटे का उपचार कराने के बाद देवी सिंह ने प्रधानाचार्य के खिलाफ थाना टूंडला में तहरीर दी है। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह का कहना है मामले की जांच करायी जा रही है। प्रधानाचार्य मनोजपाल सिंह का कहना है कि छात्र को क्लास में दंड दिया था। मारपीट नहीं की है। परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस स्कूल आयी थी।