जिले को सुरक्षा का कवच पहनाने और वारदात के बाद 20 मिनट में पुलिस को घटना स्थल पर पहुंचाने के लिए अखिलेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘यूपी 100’ योजना का जिले में क्रियान्वयन अटक गया है। जिले को मिलीं 32 गाड़ियां पुलिस लाइन के मैदान में शोपीस खड़ी है। शासन ने तीन दिसंबर को होने वाला उद्घाटन कार्यक्रम रद कर दिया है। प्रशासन अब अगली तिथि का इंतजार कर रहा है।
यूपी-100 योजना में आगरा, कानपुर, इलाहाबाद, गाजियाबाद और लखनऊ के साथ फीरोजाबाद भी शामिल है। लखनऊ से आई टीम ने जिले के पुलिसकर्मियों को इसका प्रशिक्षण भी पुलिस लाइन में दिया था। जिले के क्षेत्रफल को देखते प्रदेश सरकार ने जिले में 32 गाड़ियां और 32 पिस्टल देने की घोषणा की थी। 11 नवंबर तक पिस्टल 32 गाड़ियां जिले को मिल गईं। यूपी 100 के बेड़े में इनोवा, बोलेरो आदि गाड़िया शामिल हैं। यह गाड़ियां 20 दिनों से चलने का इंतजार कर रही है। पहले 29 नवंबर को फीरोजाबाद में इसका शुभारंभ होना था लेकिन 29 नवंबर से पहले उद्घाटन की तिथि बदलकर तीन दिसंबर कर दी गई। प्रशासन ने तैयारियां कर लीं। एक दिसंबर की शाम को कार्यक्रम स्थगित करने के आदेश आ गया। पुलिस ने तैयारियों पर विराम लगा दिया। आरआई कर्ण सिंह का कहना है कि उद्घाटन की तिथि निर्धारित होने पर ही कोई जानकारी हो सकेगी।