फिरोजाबाद। थाना उत्तर के मोहल्ला खेड़ा निवासी महिला ने एसएसपी कार्यालय में जाकर शिकायती पत्र दिया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके घर में घुस पर पुलिस ने किशोरी से अभद्रता व मारपीट की।
खेड़ा मोहल्ला निवासी उमादेवी पत्नी श्रीकिशन ने एसएसपी को संबोधित दिए शिकायती पत्र में कहा थाना उत्तर पुलिस के दो जवान रात को उसके घर आए। उस समय वह घर पर नहीं थी। उसकी बेटी घर पर थी। पुलिस कर्मियो ने बेटी से मेरे बेटे नीरू के बारे में पूछताछ की। लड़की ने जानकारी होने से इनकार किया। महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उसकी बेटी से अभद्रता की।
बेटी ने जब शिकायत करने की बात कही तो पुलिस कर्मियों ने फोन कर थाने से पुलिस फोर्स बुला लिया। घर में तोड़फोड़ की। दरवाजे तोड़ दिए। झूठे मुकदमें में फंसाने व जेल भेजने की धमकी दी। उमा देवी का आरोप है पुलिस घर में खड़ी एक बाइक 15 हजार रुपया की नकदी साथ ले गई। पुलिस कर्मी लड़की को धमकी देकर गए कि भाइयों को थाने भेज देना नहीं तो ठीक नहीं होगा।
प्रभारी निरीक्षक उत्तर नीरज मिश्रा ने बताया कि महिला के आरोप पूरी तरह निराधार है। उसका बेटा नीरू अपराधिक प्रवृति का है। उसने रात को मारपीट की थी। मारपीट की पता लगने पर पुलिस गई थी। बाइक के बारे में पूछने पर कहा कि चेकिंग के दौरान बाइक सीज की थी। इसी कारण इस तरह के आरोप लगा रही है।