फिरोजाबाद। रंगों के त्योहार होली पर झगड़ों का सिलसिला थम नहीं रहा है। जिले में कई स्थानो पर विवाद में दो दर्जन लोग घायल हो गए। झगड़ों की सूचना पर पुलिस टीम इधर उधर दौड़ती रहीं। इस दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश भी दी गईं।
घटना एक.....
हीरा की ठार में मारपीट, पथराव व फायरिंग, नौ घायल
थाना लाइनपार क्षेत्र के हीरा की ठार में होली वाले दिन डांस करने के विवाद में मारपीट का मामला बृहस्पतिवार को फिर से बढ़ गया। इस पर दो पक्षों में मारपीट, पथराव के साथ फायरिंग हो गई। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग व पथराव की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची गई।
पुलिस ने घायल शारदा देवी (60) पत्नी बचान सिंह, उनके पौत्र आदित्य व जितेंद्र और दूसरे पक्ष से पूजा(21),दामिनी (20), रजनी (18), सपना(16), राखी (27) पुत्रियां मुकेश और विधा सिंह एवं आदित्य पुत्र मनीष कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक लाइनपार कमलाशंकर ने बताया हीरा की ठार गुदाऊ में होली वाले दिन डांस को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। जमानत मिलने के बाद से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। अशोक कुमार पुत्र वीरेश्वर सिंह की तहरीर पर पांच के खिलाफ मारपीट, पथराव व फायरिंग का मामला दर्ज कराया गया है। दूसरे पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
घटना दो..
हलवाई के पीटने का विरोध करने पर मारपीट, पथराव
थाना दक्षिण क्षेत्र के हिमांयुपुर में बुधवार देर रात हलवाई से मारपीट करने का विरोध करने पर दबंगों ने श्रीमद् भागवत कथा के आयोजकों को लाठी डंडों से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट व पथराव में पांच लोग घायल हो गए।
चतुरीनगर निवासी जितेंद्र के घर पर श्रीमदभागवत कथा का आयोजन चल रहा था। भंडारे में काम कर रहे हलवाई को कुछ लोगों ने पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर पथराव कर दिया। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। इस घटना में अजय, जितेंद्र, अंशू, भारत व निर्मल घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना तीन....
ममतानगर में मारपीट, पांच लोग हुए घायल
थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला ममता नगर रेहना निवासी प्रदीप सड़क पर मैक्स गाड़ी के पास खड़ा था। तभी वहां आए गाड़ी मालिक ने चोरी का आरोप लगा कर अपने साथियों के साथ उससे मारपीट कर दी। जानकारी पर प्रदीप के परिवारीजन व मौहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों व फाबड़े से हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मारपीट में मुनेश पुत्र वृंदावन, संजू देवी पत्नी मनवीर, रघुवीर पुत्र वृंदावन, सरला देवी पत्नी रघुवीर व राकेश पुत्र वृंदावन घायल हो गए। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
घटना चार....
थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला कटरा पठानान में होली खेलने के दौरान कुछ लोगों ने घर में घुसकर मारपीट व पथराव कर दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस घटना के संबंध में सुनहरी देवी, सुशीला देवी, सीता देवी सहित कई लोगों ने तहरीर दी है।
एसएचओ दक्षिण प्रमोद मलिक ने बताया दो पक्षों में मामूली विवाद हुआ था। इस मामले में तहरीर आई हैं जांचकर कार्रवाई की जाएगी।