मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपी ने घर में घुसकर चोरी को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
टूंडला में घर में घुसकर चोरी करने वाले चोरों की शनिवार देर शाम पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक चोर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। दूसरा अंधेरे का मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल चोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
विज्ञापन
गांव पचोखरा क्षेत्र में 24 नवंबर को मनीष चौधरी निवासी नगला कलुआ थाना पचोखरा के घर में घुसकर चोरों ने तीन मोबाइल व कुछ रुपये चोरी कर लिए थे। पीड़ित ने 25 नवंबर को थाना पचोखरा क्षेत्र में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए एसओजी सर्विलांस सहित तीन टीमों का गठन किया था।
शनिवार देर शाम पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि पचोखरा में घर में घुसकर चोरी करने वाले चोर निहालसिंह की पुलिया पर बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चोरों को निहालसिंह की पुलिया पर घेर लिया। चोरों ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें अवधेश निवासी प्रेमनगर ठार पूरा थाना रामगढ़ के पैर में गोली लगी।
विज्ञापन
साथ ही दूसरा बदमाश गुलशन निवासी नगला करनसिंह थाना उत्तर फिरोजाबाद अंधेरे का मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि घर में घुसकर चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़ हुई है। इसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया है। जल्द ही फरार बदमाश को पकड़ लिया जाएगा।