जसराना। उर्स देखने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया। थाना जसराना के गांव मुस्तफाबाद में 22 जून को उर्स का आयोजन किया गया था। उर्स को देखने के लिए एक किशोरी भी गई थी। किशोरी ने मुस्तफाबाद निवासी एक युवक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने 25 जून को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कराई तो मामला दुष्कर्म का निकाला। किशोरी के साथ मुस्तफाबाद निवासी मोनू कुमार एवं प्रशांत उर्फ छोटू द्वारा दुष्कर्म करने की पुष्टि होने पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म करने के साथ पॉक्सो एक्ट में मुकदमे को तरमीम कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर लगा दिए।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुस्तफाबाद के शिकोहाबाद चौराहे पर कहीं भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेजा गया है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने कहा उर्स देखने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।