फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भी भरे जा चुके हैं। जनपद में परीक्षा केंद्र फाइनल भी कर दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जनपद के 190 विद्यालयों के 1511 परीक्षार्थी चिन्हाकिंत किए हैं। इनके परीक्षा फार्म पर फोटो चस्पा नहीं है या फिर धुंधला है। बोर्ड ने 28 फरवरी तक फोटो फिर से अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। अन्यथा यह परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा से वंचित रह जाएंगे। डीआईओएस ने 190 विद्यालयों को नोटिस जारी कर दिया है।
वर्ष 2022 में हाईस्कूल में 42254 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जबकि इंटरमीडिएट में 38418 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 119 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी हो चुकी है। विद्यालयों को परीक्षा केंद्र आवंटित भी कर दिए हैं। परीक्षा कार्यक्रम के बाद प्रवेशपत्र भी जारी होने हैं। ऐसे में बोर्ड परीक्षार्थियों के फार्म की जांच की जा रही है। इसमें 1511 विद्यार्थी बोर्ड की संदिग्ध सूची में आ गए हैं। क्योंकि उनके फार्म पर फोटो चस्पा नहीं है।
यदि किसी पर चस्पा भी है, वह फोटो अत्यधिक धुंधला है। इसमें हाईस्कूल के 758 और इंटरमीडिएट 753 विद्यार्थी हैं। कोई फर्जी परीक्षार्थी इस लापरवाही का फायदा न उठाए। इसलिए बोर्ड ने सख्त कदम उठाते हुए निर्देश दिए हैं कि सभी के फोटो अपलोड़ कर दिए जाएं। अन्यथा इन विद्यार्थियों को परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी।
डीआईओएस बालमुकुंद प्रसाद का कहना है कि बोर्ड की ओर से 1511 विद्यार्थी चिन्हाकिंत किए हैं। इन्हें वेबसाइट पर 28 फरवरी तक फोटो अपलोड करने हैं। यदि कोई लापरवाही के कारण परीक्षा से वंचित रह जाता है तो स्कूल प्रधानाचार्य एवं संचालक जिम्मेदार होंगे।