फिरोजाबाद। विद्युत विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान सुबह पांच बजे से विभिन्न मुहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक पेट्रोल पंप पर भी बिजली चोरी होती मिली। अन्य स्थानों पर भी विद्युत चोरी के केस पकड़े गए।
अभियान पुरुषोत्तम बिहार फीडर के मोहल्ला विजय नगर, रानी नगर और सम्राट नगर में चलाया गया। इस क्षेत्र में एस्सार पेट्रोल पंप पर बिल बकाया होने पर पूर्व में विद्युत कनेक्शन काटा गया था। लेकिन वहां पर बिल जमा किए बिना ही कनेक्शन डायरेक्ट जोड़ लिया गया।
इस पर टीम ने पेट्रोल पंप संचालक पर एफआईआर दर्ज कराई है। इसके अलावा 15 अन्य पर भी एफआईआर दर्ज करवाई गई है। चेकिंग अभियान में एसडीओ खालिद अजीज और जेई लोकेंद्र पाल आदि उपस्थित रहे।