रामगढ़ क्षेत्र में खाली बर्तन के साथ प्रदर्शन करते लोग।
फिरोजाबाद। कई दिनों से पेयजल किल्लत से जूझ रहे रामगढ़ क्षेत्र के लोगों ने बुधवार को गली में खाली बर्तन रख कर प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार कई माह से लगातार शिकायत के बाद भी निगम जलकल विभाग के अधिकारी समस्या समाधान पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
खेडा गनेशपुर स्थित पानी की टंकी से नई आबादी के कई मोहल्ला में पेयजल सप्लाई होती है। लेकिन पर्याप्त जलापूर्ति के अभाव में खेडा गणेशपुर से जुड़े मोहल्ला रामगढ़ की कई गलियों में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि कई शिकायतों के बाद भी नगर निगम जलकल विभाग के अधिकारी समस्या निदान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बुधवार को रामगढ़ क्षेत्र की गली संख्या 32 और 33 के लोगों ने सड़क पर खाली बर्तन रख कर निगम प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वाले लोगों के अनुसार दो दिन में समस्या का निदान नहीं होने पर निगम के जलकल विभाग में बच्चों व बुजुर्गों के साथ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बुधवार को खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन करने वालों में मोहम्मद तारिक, मुन्ने खां,नसीमा बेगम और शमीमा आदि शामिल रहे।