फिरोजाबाद। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम की ठंडक लोगों की सेहत पर असर डाल रही है। जिले के 67 स्थानों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। छुट्टी के दिन घर के पास ही उपचार की सुविधा मिलने से लोगों को काफी राहत मिली। मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण जिले में सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, खांसी, गले में खराश, एलर्जी, पेट दर्द और त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
मेले में कुल 1940 मरीजों ने उपचार कराया। इनमें 820 पुरुष, 760 महिलाएं और 360 बच्चे शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों को दवाएं वितरित करने के साथ ही बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह भी दी। सीएमओ डा. रामबदन राम ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मौसम परिवर्तन के चलते वायरल और एलर्जी के मामले बढ़े हैं, लेकिन समय पर जांच और उपचार से इन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई रखने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरत पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने की अपील की।