फिरोजाबाद/खैरगढ़/एका। जिले के 74 ग्राम प्रधानों को बुधवार को वर्चुअल शपथ दिलाई गई। शपथ दिलाने के दौरान सामाजिक दूरी का पालन किया गया। कहीं पंचायत भवन, कहीं स्कूल प्रांगण तो कहीं खुले में शपथ दिलाई गई। शपथ लेने के साथ इन ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने अपना कार्यभार संभाल लिया। 27 मई को सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत की पहली बैठक आयोजित की जाएगी।
जिले में संघटित हुई 261 ग्राम पंचायतों में 187 ग्राम प्रधानों को मंगलवार को ही वर्चुअल शपथ दिला दी गई थी। शेष बचे आठ ब्लॉकों के 74 ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाए जाने का क्रम बुधवार को सुबह से प्रारंभ हो गया। सदर ब्लॉक की बीडीओ रचना गुप्ता ने ग्राम पंचायत आनंदीपुर करकौली, शंकरपुर, कुर्रीकूपा, फरौल नगरिया, पंचायत सचिव हरेंद्र बघेल ने इटौरा में प्रधान को शपथ दिलाई। इटौरा,बसई मोहम्मदपुर, बाजिदपुर कुतुकपुर, अलहदादपुर एवं रूपसपुर ग्राम पंचायत के प्रधानों को शपथ दिलाई गई। अरांव ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों के प्रधानों को शपथ तहसीलदार सिरसागंज ने दिलाई। नारखी ब्लाक के तीन ग्राम पंचायतों के प्रधानों को वर्चुअल शपथ तहसीलदार टूंडला के निर्देशन में नोडल अधिकारी की उपस्थिति में दिलाई गई।
27 मई को होगी ग्राम पंचायतों में पहली बैठक
फिरोजाबाद। जिले की संघठित 261 ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान की पहली बैठक 27 मई को आयोजित की जाएगी। खुली बैठक में ग्राम पंचायतों में समितियों का गठन किए जाने के साथ ही गांव के विकास का खाका खींचा जाएगा। ताकि गांव का बेहतर ढंग से विकास कराया जा सके। इसकी प्लानिंग करने में नए प्रधान जुटे रहे।
ब्लाक बार कहां कितने प्रधानों ने ली शपथ
ब्लाक प्रधान
फिरोजाबाद 10
अरांव 02
नारखी 03
मदनपुर 07
टूंडला 15
जसराना 05
हाथवंत 12
एका 20
----------------------------
कुल 74