अतिकुपोषित बच्चों को अब मेडिकल कॉलेज में मिलेगा इलाज
शिकोहाबाद से एनआरसी होगी शिफ्ट, मरीज कम पहुंचने पर पुन: वापसी का निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। अतिकुपोषित बच्चों को अब स्वशासकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज मिलेगा। वर्तमान में एनआरसी (पोषण एवं पुनर्वास केंद्र) शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल में संचालित हो रही है। मेडिकल कॉलेज में सौ शैया अस्पताल के प्रथम तल पर एनआरसी को शिफ्ट करने की तैयारी कर ली गई है। एक सप्ताह का समय लग सकता है। ऐसा विभागीय सूत्रों का कहना है। शिकोहाबाद में मरीजों की संख्या कम होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया है।
स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा अतिकुपोषित श्रेणी में आने वाले बच्चों का चिन्हांकन कराया जाता है। अतिकुपोषित बच्चों को कुपोषण तक की स्थिति तक लाने के लिए एनआरसी में भर्ती किया जाता है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सक इलाज करते हैं और डायटीशियन के अनुसार उन बच्चों को खाद्य पदार्थ दिए जाते हैं। पिछले कई वर्षों से एनआरसी का संचालन जिला अस्पताल वर्तमान में मेडिकल में संचालित हो रहा था। उस समय एनआरसी का प्रदेश में तीसरा स्थान था। चूंकि जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित कर दिया गया। इस कारण पिछले एक साल से एनआरसी शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल में शिफ्ट कर दी गई। अभिभावकों के मुताबिक, बच्चों को शिकोहाबाद एनआरसी में सुविधा नहीं मिल पा रही है। अतिकुपोषित बच्चे भी शिकोहाबाद में कम पहुंच रहे थे। इस कारण एनआरसी का सही ढंग से संचालन नहीं हो पा रहा था। इससे एनआरसी का रैंकिंग प्रदेश में निचले पायदान पर आ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मंथन करने के बाद एनआरसी को संयुक्त अस्पताल से पुन: मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कराने का निर्णय लिया है।
एनआरसी को मेडिकल कॉलेज में संचालन के आदेश हो चुके हैं। हमने सौ शैया अस्पताल के प्रथम तल पर एनआरसी के संचालन की व्यवस्था कर दी है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में अतिकुपोषित बच्चों का इलाज होगा।
- डॉ. संगीता अनेजा, प्राचार्य
मेडिकल कॉलेज