फिरोजाबाद। पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में शिथिलता एवं लापरवाही पर मुख्य विकास अधिकारी ने एक एडीओ सहित 14 पंचायत सचिवों को चेतावनी जारी की है।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन ने बृहस्पतिवार को पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2019-20 में स्वीकृत आवासों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान एका, जसराना, फिरोजाबाद आदि ब्लाकों में आवास योजना के क्रियान्वयन में शिथिलता सामने आई। खासतौर पर ग्राम पंचायत ऊंधनी, जलालपुर, सैंगई के अतिरिक्त लगभग एक दर्जन ग्रामों में निर्माण की गति काफी सुस्त मिली।
सीडीओ ने एडीओ पंचायत एका आर्यन धाकरे, सचिव इंद्रजीत एवं अंकित कुमार, जसराना में अरूण कुमार एवं रिषभ कुमार, फिरोजाबाद में जितेद्र कुमार, रामेद्र सिंह, अरांव में अनश कमाल आदि को कड़ी चेतावनी जारी की है।