फीरोजाबाद में बुधवार सुबह आठ बजे नो एंट्री में घुसने से रोकने पर चालक ने ट्रक हेड कांस्टेबिल प्रोन्नत ओमप्रकाश गौतम (53) के ऊपर चढ़ा दिया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक सुरेंद्र यादव निवासी हजारीबाग, झारखंड को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में ले लिया। परिवारीजनों ने घटना के लिए टीएसआई को जिम्मेदार ठहराया और उन ओमप्रकाश गौतम को परेशान करने का आरोप लगाया।
ओमप्रकाश गौतम हाथरस के गांव नवलपुर (थाना सादाबाद) निवासी केहरी सिंह गौतम के पुत्र थे और उनकी तैनाती फीरोजाबाद में यातायात पुलिस में थी। उनका परिवार आगरा के कालिंदी बिहार में रहता है। घटना के वक्त वह आसफाबाद चौराहे पर पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी दे रहे थे, तभी शिकोहाबाद की ओर से तेजी से आया ट्रक नो एंट्री में घुसने लगा। ओमप्रकाश गौतम ने रोकने का प्रयास किया तो चालक उन्हें टक्कर मार ट्रक लेकर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर ट्रक पकड़ लिया। घटना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक राकेश पांडेय, सीओ सिटी, सीओ टूंडला के साथ सिटी सर्किल की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आगरा से फीरोजाबाद पहुंचे परिवारीजन में ट्रैफिक सब इंसपेक्टर के खिलाफ आक्रोशित थे। उन्होंने टीएसआई पर छुट्टी नहीं देने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाएं। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस लाइन में गार्ड आफ ऑनर के बाद शव परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया।