रामनगर स्थित ससुराल में युवक की फांसी लगाने से मौत के बाद जिला अस्पताल में मृतक के परिजनों द्वारा
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण के मोहल्ला करबला निवासी युवक का शव थाना लाइन पार के मेहताब नगर स्थित ससुराल में फांसी के फंदे पर शुक्रवार को देर शाम लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में पंचनामा भरने को लेकर ससुराल एवं मायका पक्ष में विवाद के बाद मारपीट हो गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंच गया। शव का पोस्टमार्टम कराके परिजन घर ले गए।
थाना दक्षिण के मोहल्ला करबला निवासी जितेंद्र कुमार (28) पुत्र रामपाल राठौर की शुक्रवार को देरशाम थाना लाइन पार के मेहताब नगर स्थित ससुराल में फांसी लगाने से मौत हो गई थी। युवक की मौत के बाद पत्नी आरती का कहना है कि उसने ससुरालीजनों को घटना की सूचना दी थी। किसी के नहीं आने पर शव को जिला अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया। युवक की मौत होने के बाद शनिवार को दिन में ससुराल एवं परिजन एकत्रित हो गए। मृतक के परिजनों का कहना था बिना मर्जी के ससुरालीजनों ने पंचनामा कैसे भरवा सकते हैं। इसी बात को लेकर ससुराल एवं परिजनों के मध्य विवाद हुआ। मृतक के परिजनों ने मेहताब नगर निवासी मृतक के साले उमेश पुत्र राकेश एवं उसके दोस्त जीतू पुत्र मांगे लाल प्रजापति के साथ मारपीट कर दी। पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौज की गई। मारपीट व हंगामा होते देख शव को साथ आए उप निरीक्षक पोस्टमार्टम गृह में बंद हो गए। सूचना मिलते ही एसएचओ दक्षिण श्याम सिंह, थाना उत्तर से उप निरीक्षक सचिन कुमार, धर्मपाल सिंह, महेंद्र कुमार सहित थाना लाइन पार का फोर्स पहुंच गया। उन्होंने मारपीट करने वाले युवकों को थाना लाइनपार भिजवा दिया। परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। शव को लेकर परिजन अपने घर ले गए।
फांसी लगाने से हुई युवक की मौत
फिरोजाबाद। पोस्टमार्टम सूत्रों का कहना है कि जितेंद्र की मौत फांसी लगाने से होना आया है। थाना प्रभारी निरीक्षक लाइन पार जेएस आस्थाना ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।