फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के यादव नगर स्थित झाड़ी में मिले महिला छोटी की हत्या का खुलासा पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर कर दिया है। बहनोई के साथ विवाहेत्तर संबंध होने के कारण पति ने ही पत्नी की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है।
थाना शिकोहाबाद के नगला बुद्धसेन एवं हाल निवासी यादव नगर थाना उत्तर छोटी पत्नी रामसेवक का शव मोहल्ले के पास स्थित झाड़ी में पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस ने शनिवार को कहीं भागने की सूचना पर मृतका के पति रामसेवक पुत्र श्रीपाल को रेहना रोड से गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी रामसेवक ने हत्या की बात कुबूल कर ली। पूछताछ में रामसेवक ने बताया कि उसकी पत्नी छोटी के उसके बहनोई से विवाहेत्तर संबंध थे। इसके लिए उसने कई बार रोका लेकिन वह नहीं मानी। इस पर उसने पत्नी छोटी की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पत्थर की पटिया के साथ खाली बोरी भी बरामद कर ली है।