फिरोजाबाद। ससुर की मौत के मामले में आरोपी दामाद और उसका भाई तीन महीने बाद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फरार हो गया है। पुलिस ने शुक्रवार को उनके घर दबिश दी तो वहां कोई नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस लौट आई।
रसूलपुर में खंजापुर निवासी राजेंद्र देवी ने बताया कि 18 मार्च को उसके पति राकेश कुमार को दामाद रवि किशन और उसका भाई कन्हैया लाल निवासी खंजापुर शराब पिलाने के बाद मक्खनपुर मेला दिखाने के बहाने ले गए। दूसरे दिन मेला स्थल से पांच सौ मीटर दूर शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने के कारण दम घुटने से मौत की बात सामने आई है।
राजेंद्र देवी ने इस मामले में दामाद और उसके भाई पर साजिश के तहत शराब में विषाक्त मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया। कोर्ट के आदेश पर तीन दिन पूर्व दामाद और उसके भाई पर प्राथमिकी दर्ज हुई। मामले की जांच कर रहे निरीक्षक अपराध हारून ने बताया कि राजेंद्र देवी का बयान लेने के बाद घटनास्थल, सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। मृतक की बेटी भी अंतिम संस्कार के बाद पति रवि किशन के साथ चली गई है। उनकी लोकेशन खंगाली जा रही है। जिससे मामले में वास्तविक सच्चाई पता चल सके।