फिरोजाबाद। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने बृहस्पतिवार को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के मैनेजर व उनकी टीम के साथ बैठक की। जिले के सभी आधारकार्ड धारकों के आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने व बाल नामांकन सेवा योजना के अंतर्गत पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए घर पर डाकिया द्वारा नए आधार कार्ड बनाने की सुविधा प्रदान करने की व्यवस्था करने पर चरचा की।
डीएम ने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक (आईपीपीबी) ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के रजिस्ट्रार के रूप में आधार में मोबाइल नंबर अपडेट एवं बाल नामांकन सेवा (5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए) शुरू की है। अब एक निवासी आधार धारक, अपने घर के दरवाजे पर डाकिया द्वारा इन दोनों सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। यह सेवा फिरोजाबाद जिले के डाकियों और ग्रामीण डाक सेवकों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से उपलब्ध होगी। जो स्मार्ट फोन और बायोमैट्रिक उपकरणों से लैस बैंकिंग सेवाओं की एक श्रृंखला प्रदान करने में सक्षम हैं।
उन्होंने बताया यूआईडीएआई के अनुसार,आधार से संबंधित सेवाओं को आसान बनाने के उनके निरंतर प्रयास ने डाकियों और ग्रामीण डाक सेवकों व आईपीपीबी के माध्यम से निवासियों के दरवाजे पर मोबाइल अपडेट सेवा प्रदान की जाएगी। यह निवासियों को बहुत मदद करेगा क्योंकि एक बार जब उनका मोबाइल आधार में अपडेट हो जाता है, तो वे यूआईडीएआई की कई ऑनलाइन अपडेट सुविधाओं और कई सरकारी कल्याण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।