एमएलसी चुनाव : बूथों पर पहुंचीं पोलिंग पार्टियां, मतदान आज
पांच जोन एवं नौ सेक्टरों में बांटकर अफसरों को सौंपी गई शांतिपूर्ण चुनाव की जिम्मेदारी
- जिले के नौ मतदान केंद्रों पर 1599 मतदाता डालेंगे वोट, पुलिस के साथ बीएसएफ भी रहेगी मुस्तैद
- सुबह आठ बजे से शाम को चार बजे तक डाले जाएंगे वोट, डीएम-एडीएम ने देखी व्यवस्थाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव के लिए जिले के नौ मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित निर्वाचन कार्यालय से रवाना की र्गइं। शाम तक पार्टियां केंद्रों पर पहुंच गईं। शनिवार (नौ अप्रैल) को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। जिले के 1599 मतदाता निर्धारित केंद्र पर मतदान करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ माइक्रोआब्जर्वर को भी तैनात किया गया है।
पोलिंग टीमों की रवानगी स्थल पर एडीएम अभिषेक कुमार सिंह, सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा व्यवस्थाओं को संभाले हुए थे। सभी नौ बूथों के लिए टीमों को रवाना किए जाने के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट को अलग से बैलेट बॉक्स के साथ स्टाफ की जिम्मेदारी सौंपी गई। एडीएम अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि नौ अप्रैल को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से 1599 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के पश्चात आगरा के टूंडला रोड मंडी में बनाए गए स्ट्रांगरूम में मतपेटिकाओं को जमा कराया जाएगा।
पांच जोनल, नौ स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि एमएलसी चुनाव के लिए जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम को सौंपी गई है। वहीं टूंडला में तहसीलदार डॉ. संतराज सिंह, नारखी में नायब तहसीलदार चौधरी हेमंत सिंह, सदर तहसील में तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह, एका में तहसीलदार जसराना पुष्पेंद्र कुमार, जसराना में नायब तहसीलदार राजकुमार, ब्लॉक खैरगढ़ में नायब तहसीलदार अवनीश कुमार और शिकोहाबाद तहसील में तहसीलदार अमित कुमार , सिरसागंज नगर पालिका में तहसीलदार सिरसागंज लालता प्रसाद और अरांव में नायब तहसीलदार नवीन को स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाया है।
जिले में इन मतदान केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट
- एका ब्लॉक : एका नगर पंचायत के सभासद, चेयरमैन, एका ब्लाक के प्रधान एवं बीडीसी सदस्य तथा फरिहा नगर पंचायत के सभासद एवं चेयरमेन वोट डालेंगे।
- फिरोजाबाद तहसील : फिरोजाबाद नगर निगम के पार्षद, फिरोजाबाद ब्लॉक के बीडीसी सदस्य, प्रधान तथा जिले के सभी जिला पंचायत सदस्य वोट डालेंगे।
- टूंडला के ठाकुर वीरी सिंह डिग्री कॉलेज : टूंडला ब्लॉक के प्रधान एवं बीडीसी सदस्य तथा नगर पालिका टूंडला के सभासद वोट डालेंगे।
- नारखी ब्लॉक : नारखी ब्लाक के प्रधान एवं बीडीसी सदस्य।
- जसराना ब्लॉक : जसराना ब्लॉक के प्रधान,बीडीसी सदस्य व नगर पंचायत जसराना के सभासद मतदान करेंगे।
- खैरगढ़ ब्लॉक : हाथवंत के प्रधान एवं बीडीसी सदस्य मतदान करेंगें।
-शिकोहाबाद तहसील : शिकोहाबाद नगर पालिका के सभासद और ब्लॉक के प्रधान,बीडीसी सदस्य वोट डालेंगे।
- सिरसागंज नगर पालिका : ब्लॉक मदनपुर के प्रधान,बीडीसी सदस्यों के साथ सिरसागंज नगर पालिका के सभासद वोट डालेंगे।
- अरांव ब्लॉक : ब्लॉक के ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य मतदान करेंगे।