शिकोहाबाद में तहसील तिराहे से लेकर पक्का तालाब तक हो रहे जलभराव की समस्या पर सपा विधायक के विरोध का तरीका बुधवार को चर्चा का विषय बन गया। क्षेत्रीय विधायक थाने के सामने सड़क पर जलभराव में एक घंटे तक बैठे रहे। उन्होंने इस दौरान नगरपालिका के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार भी निशाना साधा।
तहसील तिराहे से लेकर पक्का तालाब तक सड़क मार्ग के दोनों ओर नगरपालिका के नाले हैं। जिनकी सफाई व्यापक रूप से न हो पाने के कारण थोड़ी सी बारिश में इस मार्ग पर जलभराव हो जाता है। कई दिनों तक पानी सड़क पर बना रहता है। ऐसे में सड़क किनारे ठेला लगाकर काम करने वाले लोगों एवं राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।