फिरोजाबाद। महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। दोषियों पर कार्रवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले दर्ज कराएं। पंचायत राज सचिव और जिले की महिला नोडल अधिकारी प्रीति शुक्ला ने उक्त निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों के चिह्निकरण में सुस्ती पर सीएमओ, डीआईओएस व बीएसए को सख्त हिदायत दी।
जिले में आए तीन सदस्यीय महिला नोडल अधिकारियों की टीम ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। दल की प्रमुख प्रीति शुक्ला ने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामले में पुलिस व प्रशासन के अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। रेप के कुल 36 मामलों में से दस मामले कोर्ट में विचाराधीन होने की बात सामने आने पर उन्होंने कहा कि अभियोजन अधिकारी, एसएसपी इस पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शेष मामले फास्ट ट्रैक कोर्ट में संदर्भित कर दोषियों को सजा दिलाएं। कन्या सुमंगला योजना के क्रियान्वयन में जिले की प्रगति असंतोषजनक थी। बैठक में डीएम चंद्र विजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल, सीडीओ नेहा जैन आदि अधिकारी रहे।
जेएसवाई व एनीमिया अभियान में सुस्ती पर जताई नाराजगी
उन्होंने महिला स्वास्थ्य से जुडे़ कार्यक्रम, जैसे-जननी सुरक्षा योजना एवं एनीमिया उन्मूलन को चलाए जा रहे अभियान में सुस्ती मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उनके साथ मौजूद अधिकारी मंजूलता एवं रीता रॉय ने अधिकारियों को महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।
एंटी रोमियो टीम को करें सक्रिय
महिला नोडल अधिकारी प्रीति शुक्ला ने कहा कि बालिकाओं व महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी की घटना अक्षम्य है। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो टीम को हरदम सक्रिय रहना चाहिए।
महिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण
महिला नोडल अधिकारियों की टीम ने शनिवार दोपहर बाद जिला अस्पताल स्थित सौ शैया का निरीक्षण भी किया। टीम ने वहां भर्ती महिलाओं, प्रसूताओं से बातचीत की। खाना, दवाओं के बारे में पूछा। साथ ही कहा कि अन्य कोई परेशानी हो तो उन्हें बताएं।