संवाद न्यूज एजेंसी
मक्खनपुर। थाना क्षेत्र के नए बाईपास पर शुक्रवार रात शांति पुल के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार दो दोस्तों को रोककर तमंचे के बल पर उनसे नकदी और मोटरसाइकिल लूट ली।
हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। थाना उत्तर क्षेत्र के रैपुरा निवासी मनोज ने बताया कि वह अपने मित्र सुनील के साथ जसराना से एक दावत खाकर वापस लौट रहे थे।
रात करीब 12:45 बजे जब वे अपनी बाइक से शांति पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले बाइक चला रहे मनोज को थप्पड़ मारा और फिर उसे नीचे गिरा दिया।
पीड़ित मनोज ने बताया कि जब उन्होंने बाइक देने में आनाकानी की, तो बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। लुटेरे उनके पास रखे 1200 रुपये नगद और मोटरसाइकिल छीनकर भाग गए।
सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।