नारखी (फिरोजाबाद)। थाना नारखी क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता की फंदा कसने से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए, तो देखा कि बेटी फंदे से लटकी थी। मायका पक्ष के लोग दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पानीगांव निवासी राधिका तिवारी (25) की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थिति में फंदा कसने से मौत हो गई। जब गांव लोगों ने किसी तरह मायके वालों को जानकारी दी तो मायके के लोग तुरंत ही मक्खनपुर से मौके पर पहुंच गए। मौके पर आकर देखा कि उनकी बेटी फंदे से झूल रही थी और ससुरालीजन फरार थे। उन्होंने जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मायका पक्ष के लोग दहेज के लिए हत्या करने के बाद विवाहिता के शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि चार साल पहले ही विवाहिता की शादी हुई थी। मायका पक्ष के लोग भले ही हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।