फिरोजाबाद। थाना लाइन पार क्षेत्र के आजाद नगर में मंगलवार को घर में चूड़ी जुड़ाई का काम कर रही 30 वर्षीय विवाहिता के कपड़ों में आग लग गई। गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौत हो गई।
राजीव शंखवार निवासी आजाद नगर ने बताया कि पत्नी ज्योति देवी (30) घर पर चूड़ी जुड़ाई का काम कर रही थी। बर्नर (लो) की चपेट में आने से अचानक उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली। वह आग की लपटों में घिर गईं। परिजन और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। ज्योति को लेकर जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजीव के अनुसार ज्योति से उनकी शादी मई 2018 में हुई थी और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। मृतका ज्योति का मायका जनपद कासगंज के थाना गंजडुंडवारा के ग्राम तस्सी में रहता है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी रोते-बिलखते मोर्चरी पहुंच गए। थाना प्रभारी लाइन पार रमित आर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।