टूंडला। रेल प्रशासन होली पर होने वाली भीड़ पर नियंत्रण करने के लिए निरंतर विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। यह ट्रेन 29 फरवरी से आठ मार्च तक मऊ से वलसाड के बीच चलेगी। इसके साथ ही ये ट्रेन दोनों ओर से दो-दो फेरे लेगी।
प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 05017 मऊ-वलसाड-मऊ विशेष ट्रेन 29 फरवरी को मऊ से देर रात 03:45 बजे चलेगी। जो बेलथारा, सेलमपुर जंक्शन, भटनी जंक्शन, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी जंक्शन, बादशाह नगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल होकर अगले दिन शाम 06:15 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। जो पांच मिनट के ठहराव के बाद ईदगाह आगरा, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, वडोदरा, सूरत होकर रविवार रात 12:35 बजे वलसाड पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 05018 वलसाड-मऊ-वलसाड विशेष ट्रेन एक मार्च को दोपहर 03:10 बजे वलसाड से चलेगी। जो इसी क्रम में होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। जो पांच मिनट के ठहराव के बाद मऊ के लिए रवाना हो जाएगी। इस ट्रेन में एसएलआरडी-दो, सामान्य-चार, स्लीपर-11, एसी तृतीय-दो, एसी द्वितीय एक कोच सहित 20 कोच होंगे।