दहेज में बाइक न मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मिट्टी का तेल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। विवाहिता की मौत के बाद ससुरालियों ने उसका अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया। मायका पक्ष के पहुंचने पर ससुरालीजन शव को छोड़कर भाग गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना जसराना अंतर्गत गांव नगला पृथ्वी निवासी रामबाबू यादव ने अपनी पुत्री अनीता (20) का विवाह विगत 10 जून 2014 को थाना टूंडला के गांव जरौली खुर्द निवासी रामनिवास यादव पुत्र चंद्रभान के साथ किया था। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग करने लगे। कई बार समझाने के बाद भी ससुरालीजन नहीं माने और अनीता का उत्पीड़न करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर मंगलवार सुबह आठ बजे ससुरालियों ने अनीता के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। विवाहिता की मौत की सूचना ससुराली ने मायके पक्ष को दिए बिना अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे। तभी अचानक पहुंचे मृतका के चचेरे भाई राजेश यादव ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी पर मायका पक्ष पहुंच गया। मायका पक्ष के आने से पूर्व ही सुसराजन फरार हो गए। मृतका अनीता के पिता रामबाबू यादव ने पति रामनिवास यादव, ससुर चंद्रभान यादव, देवर श्रीनिवास, टीटू के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी राजीव यादव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।