फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत उद्यान विभाग की पौधशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 30 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। शादी धार्मिक रीति रिवाज के साथ सम्पन्न कराई गई। सभी जोड़ों को समाज कल्याण विभाग की ओर से नकद अनुदान और उपहार स्वरूप कई सामान भेंट किए गए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कार्यक्रम में 24 मुस्लिम एवं 6 हिंदू जोडे़ शादी के पवित्र बंधन में बंधे। मुस्लिम जोड़ों को काजी ने निकाह पढ़वाया एवं हिंदू जोड़ों की शादी पूर्ण धार्मिक रीति रिवाज के साथ संपन्न कराई गई। शादी समारोह का शुभारंभ सांसद डॉ. चंद्रसेन जादौन ने दीप प्रज्ज्वलन व मंगलाचरण के साथ किया।
सांसद एवं जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह, विधायक शिकोहाबाद डॉ. मुकेश वर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक कृषि डॉ. हंसराज, सहायक श्रमायुक्त अरूण कुमार सिंह, सीवीओ डॉ. प्रभंजन शुक्ला, उद्यान अधिकारी डॉ. विनय यादव, बीडीओ मदनपुर महेश चंद्र त्रिपाठी के अलावा प्रदीप पांडे, मुस्सदक हुसैन, रजनीश कुमार, सतीश यादव, स्पर्श मिश्रा, शिवकुमार शर्मा आदि विभागीय व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
उपहार के साथ नकद अनुदान
सामूहिक विवाह समारोह में परिणय सूत्र में बंधे सभी जोड़ों को योजना के नोडल समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञाशंकर तिवारी ने नकद अनुदान के रूप में 35-35 हजार की धनराशि उनके खातों में हस्तांतरित कराई। वहीं उपहार स्वरूप डिनर सेट, प्रेसर कुकर, चांदी के आभूषण, वर-वधू के कपडे़, शृंगार सामग्री, गैस चूल्हा आदि सामान भेंट किया गया।