आज खुलेंगे मां कामाख्या के पट
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। जसराना के मां कामाख्या धाम में पांच दिवसीय अंबुबाची महोत्सव के क्रम में शनिवार को मंदिर के पट खुलेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए उमड़ेंगे। इसे देखते हुए शुक्रवार को एसडीएम नवनीत गोयल, सीओ शैलेंद्र कुमार मिश्रा, कोतवाल आजादपाल सिंह मंदिर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मंदिर समिति के सदस्यों संग चर्चा की।
महोत्सव में आसपास के जिलों के साथ ही हरियाणा, दिल्ली, एमपी एवं राजस्थान से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शनों के लिए आते हैं। मंदिर प्रबंध समिति से जुडे़ सतीश मिश्रा ने बताया कि व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में भक्तों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही है।
सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक होंगे दर्शन
मंदिर के पीठाधीश महेशस्वरूप ब्रह्मचारी ने बताया कि 25 जून शनिवार सुबह चार बजे मंगला आरती के साथ मां के पट खुल जाएंगे। हालांकि दर्शन सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक दर्शन होंगे। 26 जून को भी इसी वक्त दर्शन होंगे।