घी की दुकान पर जांच करने के बाद एकत्रित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। स्रोत: डीआईओ।
- फोटो : घी की दुकान पर जांच करने के बाद एकत्रित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। स्रोत: डीआईओ।
शिकोहाबाद। उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (लखनऊ) की विशेष टीम ने शनिवार को शिकोहाबाद में पातीराम धनसुखराम जैन के घी प्रतिष्ठान पर जांच की। आयुक्त के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से बाजार में खलबली मच गई। टीम ने मौके से घी के पांच अलग-अलग बैच के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
नगर पालिका के पास पटेल मार्ग स्थित पातीराम धनसुखराम जैन के घी प्रतिष्ठान पर सहायक आयुक्त (खाद्य) रणधीर सिंह के नेतृत्व में आई लखनऊ की टीम ने शिकायत के आधार पर यह औचक निरीक्षण किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमकार कुशवाहा और विकास कुमार शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में भारी गंदगी और सफाई की कमी पाई गई। मानकों की अनदेखी पर टीम ने नाराजगी जताई और संबंधित संचालक को सुधार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान बाद में स्थानीय खाद्य विभाग की टीम को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। इसमें फिरोजाबाद के सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पांडेय और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार कुंवर मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरी के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।