सोमवार को बाजार खुलने के दौरान सदर बाजार में रही भीड़ खरीदारी करते लोग
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए साप्ताहिक 55 घंटे के लॉकडाउन के बाद सोमवार को सुहागनगरी की सड़कों पर रौनक नजर आई। लोगों की भीड़ के कारण सदर बाजार में भी जाम की स्थिति रही। वहीं चूड़ी के गोदाम खुलने के कारण चूड़ी से लदे ठेले भी बाजार में प्रवेश करते नजर आए। बाजार खुलने के साथ ही लोगों ने पुलिस के बैरियरों को भी हटा दिया। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक शनिवार और रविवार को लॉकडाउन की घोषणा की गई है। शुक्रवार रात दस बजे से शुरू हुआ 55 घंटे का लॉकडाउन सोमवार सुबह पांच बजे समाप्त हुआ। सोमवार सुबह नियत समय पर बाजार खुल गए।
सोमवार को घंटाघर पर लगने वाली फल मंडी के साथ ही बजरिया स्थित सब्जी मंडी में लोग खरीदारी करने पहुुंचे। दोपहर 11 बजे तक सारे बाजार पूरी तरह से खुल गए। लोगों के बड़ी संख्या में खरीदारी करने के लिए पहुंचने से बाजारों में रौनक रही। सदर बाजार के साथ ही क्षेत्रीय बाजारों में शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचल से लोग खरीदारी करने के लिए बाजारों में पहुंचना शुरू हो गए थे। वहीं ई रिक्शा ,बाइक के साथ चार पहिया वाहनों की भी आवाजाही रही। ऐसे में कई स्थानों पर जाम की स्थिति रही। वहीं शनिवार को जुड़ाई के तोड़े जमा न होने के कारण सोमवार को माल जमा करने के लिए जुड़इया माल लेकर स्टॉकों की ओर जाते नजर आए। ऐसे में बाजार में भीड़ रही।