फिरोजाबाद। पैसे निकालने के लिए अब आपको एटीएम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डिवाइस पर अंगूठा लगाते ही डाकघर से आपको पैसे मिल जाएंगे। माइक्रो एटीएम से यह सुविधा दी जाएगी।
लॉकडाउन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी का संकट दूर करने के लिए डाकघर प्रशासन ने दूसरे बैंक के खाताधारकों को रुपये देने की व्यवस्था की है। इसके लिए खाताधारकों को डाकघर के कर्मचारियों को काउंटर पर जाकर बैंक का नाम और आधार कार्ड नंबर बताना पड़ेगा। डिवाइस पर अंगूठा लगाने के बाद उपभोक्ताओं के मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आएगा।
इसे बताने पर कर्मचारी रुपये दें देंगे। इससे केवल दस हजार रुपये तक ही निकाले जा सकेंगे। यह सुविधा उन खाता धारकों को मिलेगी जिनका बैंक खाता आधार कार्ड से जुड़ा होगा। देहात क्षेत्रों में डाकिया घर-घर जाएंगे। जिला पंचायती राज अधिकारी के सहयोग से ग्राम पंचायत स्तर पर यह सुविधा मिल सकेगी।
खाताधारकों के घर पर पहुंचेंगे डाकिया
सरकार की ओर से विधवा, वृद्धापेंशन, मनरेगा मजदूरी, सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन दी जा रही है। पात्रों के खातों में यह धनराशि पहुंच रही है। उपभोक्ताओं का डाकघर या पोस्टर बैंक में खाता है और वह ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहा है तो डाकिया घर-घर जाकर रुपये पहुंचा रहे हैं।