आनंद विहार से सीतामणि जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस का इंजन मंगलवार रात फीरोजाबाद स्टेशन के समीप फेल हो गया। इसके चलते करीब एक घंटे तक ट्रेन मेन लाइन पर खड़ी रही। दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को रवाना किया गया।
आनंद विहार से सीतामणि जा रही 4006 लिच्छवी एक्सप्रेस रात करीब 10:45 बजे फीरोजाबाद स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी इंजन फेल हो गया। इसकी जानकारी चालक ने स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए कंट्रोलर टूंडला को जानकारी दी। इसके साथ ही दिल्ली से कानपुर जाने वाली सभी ट्रेनों को यथास्थान पर ही रोक दिया गया था। दूसरा इंजन आने में देरी होती देख लिच्छवी एक्सप्रेस के पीछे आने वाली ट्रेनों को लूपलाइन नंबर एक से गुजारा गया। इसके चलते रेलवे ट्रैक बाधित नहीं हो सका। करीब एक घंटे बाद दूसरा इंजन आने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।