आगरा। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की 50 फीसदी सीटें भी पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया में नहीं भर पाई हैं। सभी 5 राजकीय आईटीआई के सभी ट्रेडों में कुल 1904 सीटें हैं। पहले चरण में केवल 872 सीटें भर पाई हैं। राजकीय आईटीआई बल्केश्वर की 1100 में से 407 सीटें भरी हैं।
इस बार भी आईटीआई के दो वर्षीय व्यवसायों में फिटर, इलेक्ट्रीशियन और इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रति विद्यार्थियों का रुझान अधिक है। इन्हीं पाठ्यक्रमों में सर्वाधिक प्रवेश हुए हैं। जबकि एक वर्षीय व्यवसाय में प्लंबर, शीट मेटल और फाउंड्री में विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए कम रुचि दिखाई है। खाली सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राजकीय आईटीआई बल्केश्वर के प्रधानाचार्य एमके सिंह ने बताया कि राजकीय व निजी आईटीआई में प्रवेश के लिए राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की ओर से दूसरे चरण के प्रवेश के लिए चयन सूची जारी कर दी गई है। आखिरी तारीख 17 अगस्त है।
शिक्षुता मेले का आयोजन 14 को
राजकीय आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह के मुताबिक राजकीय आईटीआई परिसर में 14 अगस्त को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता (अप्रेंटिस) मेले का आयोजन सुबह 10 बजे से होगा। मेले में राजकीय और निजी संस्थान अभ्यर्थियों का चयन फ्रेशर अप्रेंटिसशिप के लिए लिखित व साक्षात्कार माध्यम से करेंगे। चयनित को 7000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। मेले में अप्रेंटिसशिप के लिए ऐसे अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने राजकीय या निजी आईटीआई से किसी भी व्यवसाय में परीक्षा उत्तीर्ण की हो या कक्षा 10वीं या 12वीं पास हों।
- जिले के पांच राजकीय आईटीआई की 1904 में से 872 सीटें भरीं, दूसरे चरण की चयन सूची जारी