वकीलों की हड़ताल खत्म, तहसील में दिखी रौनक
- फोटो : अमर उजाला
एसडीएम व अधिवक्ता के मध्य हुए विवाद के चलते 16 दिन से चली आ रही हड़ताल समाप्त होने के कारण मंगलवार को सदर तहसील में वकीलों के बस्तों से लेकर उपनिबंधक कार्यालय तक चहल-पहल दिखी।
ज्ञात रहे दो जुलाई को सदर तहसील में एसडीएम रवींद्र कुमार मांदड़, के साथ अधिवक्ता विजय प्रकाश व उनके पुत्रों ने अभद्रता कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर अधिवक्ता व पुत्रों को जेल भेज दिया था। प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ता तीन जुलाई से लगातार कामबंद हड़ताल पर चल रहे थे। सदर तहसील के साथ टूंडला, शिकोहाबाद, सिरसागंज, जसराना तहसीलों में कामकाज पूरी तरह प्रभावित होने के साथ बैनामा न होने से शासन को करोड़ों के राजस्व की हानि हो रही थी। सोमवार को बार एसोसिएशन अध्यक्ष धर्म सिंह यादव व अन्य पदाधिकारियों की डीएम निधि केसरवानी से वार्ता हुई। इसके बाद अधिवक्ताओं ने बैठक कर मंगलवार को हड़ताल समाप्त कर सभी तहसीलों में कामकाज शुरू करने का निर्णय लिया। इस फैसला का असर मंगलवार को सभी तहसीलों में दिखा। हड़ताल समाप्त होते ही सुबह निर्धारित समय पर अधिवक्ता अपने बस्तों पर पहुंच गए। हालांकि हड़ताल समाप्त होने की जानकारी के अभाव में मंगलवार को कम लोग ही बैनामा कराने पहुंचे। सदर तहसील में मंगलवार को कुल 42 बैनामा हुए, जिससे 12 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। इस संबंध में उपनिबंधक प्रथम सुरेशचंद्र मौर्या का कहना है कि बुधवार से बैनामा की संख्या में वृद्धि होगी। आज गुरु पूर्णिमा का अवकाश व जानकारी के अभाव में कम लोग ही बैनामा कराने आए हैं।