फिरोजाबाद। उत्तर थाना क्षेत्र के रेहना इलाके में किराए के मकान में परिवार के साथ रहने वाली चार साल की मासूम बच्ची के साथ मकान स्वामी के बेटे ने दुष्कर्म कर डाला। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। परिजन ने पुलिस को बताया कि बच्ची आरोपी युवक को राखी बांधती थी।
बच्ची का परिवार बीते शुक्रवार को श्राद्ध पक्ष के समापन की तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी दौरान परिवार की चार साल की मासूम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि उसी मकान में रहने वाले मकान मालिक का 19 वर्षीय बेटा बहलाकर बच्ची को अपने कमरे में उठा ले गया और उसके साथ घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।
कमरे के अंदर से जब बच्ची की चीख-पुकार गूंजी तो परिजन तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। कमरे का दृश्य देख परिजन के होश उड़ गए। शोरगुल सुनकर आसपास के तमाम लोग भी एकत्र हो गए। परिजन ने पुलिस को बताया कि बच्ची आरोपी युवक को राखी बांधती थी। क्षेत्रवासियों और परिजन में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त हो गया। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।