- पत्नी के मायके जाने के बाद घर पर अकेले थे बच्चे, मंगलवार दोपहर कमरे के अंदर चौखट पर गमछे का फंदे बनाकर लटका
- रसूलपुर थाना पुलिस ने जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के शांति नगर आसफाबाद में मंगलवार को पारिवारिक कलह से तंग मजदूर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
शांति नगर आसफाबाद निवासी 42 वर्षीय पप्पे मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी नाजिया करीब आठ दिन पहले अपने मायके आगरा गई हुई थी, जिसके कारण घर पर केवल बच्चे ही मौजूद थे। सोमवार रात को पप्पे अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। मंगलवार दोपहर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो बच्चों को चिंता हुई। बच्चों ने जाकर देखा तो पप्पे चौखट पर गमछे के फंदे पर लटके हुए थे।
बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रोते-बिलखते परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। मृतक अपने पीछे पत्नी नाजिया के अलावा चार बेटे और एक बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते युवक द्वारा फंदे पर लटककर जान दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।