शारदीय नवरात्रि में इस बार एक दिन बढ़ने के कारण शुक्रवार को भी मां के चौथे रूप मां कुष्मांडा की पूजा अर्चना घर-घर की गई। घरों पर हवन यज्ञ के साथ प्रसाद का वितरण किया गया।
शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन भी शहर के हनुमान गढ़ स्थित मां राज राजेश्वरी कैला देवी भवन पर तड़के तीन बजे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर प्रांगण में मंगला दर्शन के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। घरों पर महिलाओं, युवतियों ने चौथे दिन भी मां के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना की। कैला देवी भवन पर सुबह से लेकर रात्रि को दस बजे तक भीड़ रही। उसायनी स्थित मां वैष्णो देवी धाम पर ग्रामीण क्षेत्र से नेजा चढ़ाने तो कोई प्रसाद बांटने पहुंचा। मंदिर पर पूरे दिन ही भीड़ उमड़ी। इनके साथ ही अन्य देवी मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ घरों में माता की चौकी की स्थापना करके पूजा अर्चना की गई। जलेसर रोड स्थित काली मंदिर, पथवारी माता मंदिर, चंद्रवार गेट, कोटला मोहल्ला, दुर्गा मंदिर सिनेमा चौराहा, नगला करन सिंह, सुहाग नगर स्थित माता मंदिर एवं गणेश नगर, विभव नगर के साथ ग्रामीण अंचल के देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
जेब कतरे भी सक्रिय
मां राज राजेश्वरी कैलादेवी भवन पर तड़के मंगला दर्शन के लिए उमड़ने वाली भीड़ के बीव जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में आए दिन श्रद्धालुओं के मोबाइल और पर्स पार हो रहे हैं। पुलिस फोर्स की तैनाती के बावजूद वारदातें होने के कारण लोगों में आक्रोश है।