कोटला रोड पर तमंचे के बल पर दो लाख की लूट
- फोटो : अमर उजाला
देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
दुकान बंद कर पैदल घर जा रहा था गुटखा व्यापारी
गुरुवार रात कोटला रोड स्थित योग साधन आश्रम के समीप बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर तमंचे से प्रहार कर दो लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित के शोर मचाने पर जुटे लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दम्मामलनगर स्थित लक्ष्मीनारायन की बगीची में सौमेंद्र जिंदल परिवार सहित राजेश माहेश्वरी के मकान में रहते हैं। सौमेंद्र का रामलीला मैदान स्थित जानकारी बाजार के सामने पान मसाले का थोक का कारोबार है। गुरुवार रात को सौमेंद्र दुकान बंद कर दो लाख रुपये थैले में रखकर पैदल घर जा रहे थे। जबकि उनका पुत्र कपिल जिंदल पीछे साइकिल से आ रहा था। सौमेंद्र योग साधन आश्रम के समीप ही पहुंचे थे, तभी पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनके सिर पर तमंचे से प्रहार कर उनसे थैला छिनने की कोशिश करने लगे। सोमेंद्र द्वारा शोर मचाने पर बदमाशों ने उन पर हथियार तान दिए और गली में ले गए। यहां उनके साथ मारपीट करते हुए दो लाख रुपये नगद लूटकर फरार हो गए। इसी दौरान वहां पहुंचे सोमेंद्र के पुत्र कपिल ने लूट की जानकारी पर शोर मचाया तो लोग जुट गए, बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं थानाध्यक्ष उत्तर का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।