टूंडला के एक होटल में बैठक करते अवर अभियंतासंगठन
- फोटो : टूंडला के एक होटल में बैठक करते अवर अभियंता संगठन
फिरोजाबाद। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन की बैठक बाईपास स्थित बीएमआर होटल में हुई। इसमें जूनियर इंजीनियरों ने विभागीय कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की। बैठक में स्टोर से आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं होने और ट्रांसफॉर्मरों के रखरखाव से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
मुख्य अतिथि संगठन के अध्यक्ष इंजीनियर गोपाल बल्लभ पटेल, एके सिंह और अंचल अध्यक्ष इंजीनियर सुरेंद्र सिंह ने शुभारंभ किया। जूनियर इंजीनियरों ने बताया कि कार्य के दौरान स्टोर से आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने में परेशानी हो रही है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों पर स्थापित पावर ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा से संबंधित उपकरणों की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा ट्रांसफॉर्मरों के लिए स्टोर से ऑयल उपलब्ध नहीं होने की समस्या बताई गई। सदस्यों ने कहा कि अनुरक्षण माह के दौरान भी स्टोर से कोई सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई।
ट्रांसफॉर्मर ऑयल की कमी को लेकर सभी सदस्यों ने एक स्वर में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आवश्यक सामग्री और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से विद्युत उपकेंद्रों के अनुरक्षण और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष इंजीनियर लोकेंद्र पाठक ने की। संचालन सचिव विशाल कुमार ने किया। बैठक में अमित यादव, संतोष, कयामुद्दीन, कांताप्रसाद, अनिल कुमार, बबलू गौतम, राजेंद्र कुमार, देवेंद्र, सुरेंद्र सिंह और राहुल अग्रवाल रहे।