फिरोजाबाद। विकलांग प्रमाणपत्र फर्जी बनवाकर नौकरी पाने वाली शिक्षिका को बर्खास्त किया जाएगा। शिक्षिका की विशिष्ट बीटीसी प्रमाणपत्र निरस्त करने के साथ ही नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा। सचिव के आदेश पर एटा डायट प्राचार्य ने शिक्षिका के मूल अभिलेख मांगे हैं।
नारखी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय नगला सौंठ में कार्यरत शिक्षिका ने फर्जी विकलांगता प्रमाणपत्र से एटा जनपद में विशिष्ट बीटीसी भी की और नौकरी भी पा ली थी। मेडिकल बोर्ड के सामने कई बार वह प्रस्तुत नहीं हुई। सख्ती बढ़ी तो मेडिकल बोर्ड जाना पड़ा था। इसमें दिव्यांगता फर्जी पाई गई थी। एटा डायट प्राचार्य मनोज कुमार गिरी ने बीएसए को पत्र भेजकर शिक्षिका के मूल प्रमाण पत्र मांगे गए है। विशिष्ट बीटीसी प्रमाणपत्र के निरस्तीकरण व इनकी नियुक्ति को निरस्त किया जाएगा। विकलांग कोटे भर्ती शिक्षकों में खलबली मची हुई है। बीएसए अरविंद पाठक का कहना है कि डायट प्राचार्य एटा का पत्र आया है। शिक्षिका के मूल प्रमाण पत्र मांगे हैं। हमने नारखी एबीएसए को आदेश जारी कर दिए हैं।