फिरोजाबाद। नई आबादी लेबर कॉलोनी में शनिवार रात बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। मकान स्वामी, उसकी पत्नी और पुुत्री के हाथ पैर बांधकर 15 हजार रुपये और दो लाख रुपये के आभूषण लूटकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद चीखपुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
लाइनपार थाना क्षेत्र की नई आबादी स्थित लेबर कॉलोनी में जमील परिवार के साथ रहता है। शनिवार रात जमील अपनी पत्नी और पुत्री के साथ घर में सो रहा था। रात तकरीबन एक बजे पांच बदमाश मकान के समीप खाली पड़े प्लॉट में सीढ़ी लगाकर जमील के मकान में घुस आया। खटपट की आवाज सुनकर परिवार जाग गया लेकिन कोई शोर मचा पाता इससे पहले ही बदमाशों ने पीड़ित परिवार को दबोच लिया और हाथ पैर बांधकर एक जगह बैठा दिया।
इसक बाद बदमाश करीब दो घंटे तक घर के लूटपाट करते रहे। इस दौरान बदमाशों ने अलमारी और संदूक को खोलकर उसमें रखी 15 हजार रुपये की नकदी और दो लाख रुपये के आभूषणों के साथ अन्य सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बाद बदमाश मौके से भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी प्रकार परिवार के लोगों ने एक-दूसरे के हाथ-पांव खोले और चीखपुकार मचाई।
चीखपुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विद्युत विभाग के खिलाफ था आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश था। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नई आबादी क्षेत्र में प्रकाश की व्यवस्था नहीं है। रात को अंधकार हो जाता है। हालांकि विगत दो साल से पार्षद गुड़िया गुलशन विद्युत विभाग से स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग कर रही है। इसके बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पांच बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मकान पर चढ़ने के लिए लाई सीढ़ी भी अपने साथ ले गए। क्षेत्रीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो बदमाशों के पैर और सीढ़ी का निशान भी थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि बदमाशों की संख्या पांच थी।
चोरी की वारदात हुई है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश की जा रही है। परिजनों को बंधक बनाए जाने की बात गलत है।
जेएन अस्थाना थानाध्यक्ष लाइनपार