मानपुर बाईपास गोदाम परिसर से अभियुक्त गिरफ्तार, कब्जे से चोरी किया गया कटा हुआ कैंटर, 36 पीस बॉडी स्क्रैप और गैस कटर बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने एक शातिर वाहन चोर को दबोचा है। उसके कब्जे से चोरी किया गया कैंटर, गैस कटर आदि बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
15 नवंबर को मो. तारिक निवासी मदीना कॉलोनी, गली नंबर 2, थाना रामगढ़ ने थाना रामगढ़ में तहरीर दी थी कि उनके चचेरे भाई अकरम निवासी ताजगंज, आगरा की कैंटर गाड़ी, जाटवपुरी चौराहे के पास सर्विस रोड पर खड़ी थी, उसे किसी अज्ञात चोर ने चोरी लिया है। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि थाना रामगढ़ पुलिस टीम अपराधियों की धरपकड़ में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे और एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी राजीव कुमार की टीम ने मानपुर बाईपास स्थित गोदाम परिसर (थाना कोतवाली देहात, एटा) से अभियुक्त नीरज निवासी न्यू रेवाड़ी मोहल्ला, एटा, हाल निवासी मानपुर बाईपास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ और बरामदगी से खुलासा हुआ है कि आरोपी शातिर तरीके से चोरी किए गए वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उन्हें गैस कटर से काटकर उनके टुकड़े-टुकड़े कर देता था।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कटा हुआ कैंटर, 36 पीस बॉडी स्क्रैप और वाहन काटने में इस्तेमाल होने वाला गैस कटर बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त नीरज का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हरियाणा के पंचकूला जनपद के थानों में भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।