ऑपरेशन के लिए मांगा गया सुविधा शुल्क, न देने पर भगा दिया गया
मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण में उपमुख्यमंत्री से की गई शिकायत, जांच का मिला आश्वासन
निरीक्षण के दूसरे दिन गोशाला का हाल और नारखी के गढ़ी हंसराम में पाइप पेयजल योजना की भी प्रगति जानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने भ्रमण के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को स्वशासी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का हाल जाना। ट्रॉमा सेंटर में जाकर मरीजों का हाल जाना और दवाओं की जानकारी की। जलेसर रोड स्थित कान्हा गोशाला में व्यवस्थाएं देखने के बाद गायों का पूजन कर और गुड़ और चना खिलाया। नारखी के गांव गढ़ी हंसराम में जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही पाइप पेयजल योजना की प्रगति की जानकारी भी ली। मेडिकल कॉलेज में एक शख्स ने ऑपरेशन के एवज में रकम मांगने की शिकायत की। इस पर डिप्टी सीएम ने जांच का आश्वासन भी दिया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राज्यमंत्री सतीशचंद्र शर्मा बृृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। प्राचार्य डॉ.संगीता अनेजा और सीएमएस डॉ. श्याम मोहन गुप्ता से यहां की सुविधाओं के बारे में जाना। आजादनगर निवासी मोनू बघेल ने शिकायत की कि कान के डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी है। ऑपरेशन की बारी आई तो छह हजार सुविधा शुल्क की मांग की गई। आरोप है कि रकम न देने पर अस्पताल से भगा दिया गया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं आर्यनगर के विशाल दीक्षित ने दवा न मिलने की बात कही।
जलेसर रोड स्थित कान्हा गोशाला में गायों का पूजन किया। यहां व्यापार प्रकोष्ठ के शैलेंद्र गुप्ता शालू ने उपमुख्यमंत्री को दस क्विंटल भूसा खरीदने के लिए 12,500 रुपये का चेक सौंपा। उपमुख्यमंत्री ने इसके लिए व्यापारी नेता की सराहना की। इस दौरान डीएम सूर्यपाल गंगवार, एसएसपी आशीष तिवारी, सीडीओ चर्चित गौड़, सांसद डॉ.चंद्रसेन जादौन, विधायक मनीष असीजा ,टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर,मेयर नूतन राठौर, जिला संयोजक वृंदावनलाल गुप्ता, डॉ. एसपी लहरी, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अमित गुप्ता,विकास पालीवाल ,एसडीएम सदर मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।
किसान बोले ओलावृष्टि का मुआवजा नहीं मिला, सीडीओ को दिए निर्देश
नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी हंसराम में जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही पेयजल टंकी को देखा तो कुछ ग्रामीणों ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। उप मुख्यमंत्री ने तत्काल सीडीओ चर्चित गौड से इस मामले में जांच कराके प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार के पैतृक निवास पर पहुंचकर ग्रामीणों से भेंट की। अटल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के चरण स्पर्श किए।
संघ पदाधिकारियों से भी की भेंट
उप मुख्यमंत्री नगर जलेसर रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यालय पहुंचे। इस दौरान संघ के विभाग प्रचारक धर्मेंद्र जी भारत,संघ कार्यवाह जयप्रकाश एवं नगर संघ चालक डॉ.रमाशंकर सिंह एवं रमाकांत उपाध्याय के साथ संघ और अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों से बातचीत की। उप मुख्यमंत्री ने शिष्टाचार भेंट के दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने नगर की विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया। इनके निदान का डिप्टी सीएम ने भरोसा भी दिया। संस्कार भारती से उद्देश्य तिवारी, अनुग्रह अग्रवाल, संघ के ब्रजेश, रामकुमार, लोकतंत्र सेनानियों की ओर से हरिओम गुप्ता, भारत विकास परिषद से देववृत पांडेय,भारत सिंह यादव,अतुल यादव,सुधाकर शर्मा शामिल थे।
चाय की दुकान पर रुका काफिला
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का काफिला बस स्टैंड के समीप स्थित राहुल अग्रवाल की टी स्टाल के समीप अचानक रुक गया। डिप्टी सीएम गाड़ी से उतरे और चाय की दुकान पर जा पहुंचे। चाय विक्रेता राहुल अग्रवाल और उसके भाई विजय अग्रवाल डिप्टी सीएम को अपनी दुकान पर देखकर हैरत में पड़ गए। डिप्टी सीएम ने चाय पीने की इच्छा जाहिर की तो दुकानदार ने तत्काल चाय बनानी शुरू कर दी। उन्होंने चाय विक्रेता से सवाल जवाब भी किए। इसी बीच सदर विधायक मनीष असीजा ने डिप्टी सीएम को मठरी खिलाने को कहा तो दुकानदार ने मठरी खिलाई। दिक्कत पूछी तो दुकानदार ने इनकार कर दिया।