फिरोजाबाद की इंडियन बैंक की शाखा जसराना में 14 ग्राहकों से 60 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी बैंक कर्मचारियों ने कर दी। शुक्रवार को बैंक में धोखाधड़ी का आरोप लगाकर ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने उनसे खाते में रुपये जमा करने के ले लिए। बाउचर में मुहर लगाकर रसीद दे दी। अभी तक रुपये खाते में नहीं पहुंचे। बैंक में हंगामा होने पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची। ग्राहकों एवं कर्मचारियों से बयान लिए। पुलिस ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है। वहीं बैंक के अफसरों ने शाखा प्रबंधक और दो लिपिकों का तबादला कर जांच बैठा दी गई है।
पिछले कई दिनों से इंडियन बैंक की शाखा जसराना के शाखा प्रबंधक राघवेंद्र सिंह पर कुछ ग्राहकों ने जमा पैसे का गबन करने का आरोप लगाकर बैंक के अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह बैंक खुलने पर कई व्यापारी, किसान, आमजन एवं महिलाएं बैंक जा पहुंचे। ग्राहकों ने अपने खातों से रुपये गायब करने का आरोप लगाया। ग्राहकों के करीब 60 लाख रुपयों की धोखाधड़ी का आरोप है।
ये भी पढ़ें - UP: 'नागपुर हिंसा के लिए महाराष्ट्र सरकार जिम्मेदार', सांसद डिंपल यादव ने भाजपा पर बोला हमला, जानें क्या कहा
बैंक में गड़बड़ी की जानकारी होने पर लोगों ने हंगामा किया। हंगामा होने पर बैंक में कामकाज बंद हो गया। लोगों ने शाखा प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों की साठगांठ से लाखों रुपये के घोटाले होने की बात कही। बैंक के खातों से रुपये गायब होने और हंगामा होने की जानकारी होने पर थाना जसराना से पुलिस फोर्स पहुंच गया। ग्राहकों के साथ कर्मचारियों से पुलिस ने पूछताछ की। वहीं पीड़ितों के बयान भी दर्ज किए गए। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि सूचना पर फोर्स भेजा गया था। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - Agra: रेलवे तोड़ रहा घर, यहीं पैदा हुए...अब कहां जाएंगे, नगला लाल सिंह बस्ती के लोग लगा रहे गुहार
इंडियन बैंक के डीएजीएम तरुण विश्नोई ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद तत्काल प्रभाव से शाखा प्रबंधक और दो लिपिक का तबादला कर दिया गया है। इन तीनों के खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार शाखा प्रबंधक एवं अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं जिन लोगों ने पैसा गायब होने का आरोप लगाया है उन सभी का पैसा सुरक्षित है। किसी भी ग्राहक का कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।