फिरोजाबाद। शिकायत मिलने पर जनपद में कई स्थानों पर केला पकाने वाले अवैध प्लांटों पर खाद्य सुरक्षा विभाग के जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने टीमें गठित कर छापेमारी की। कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। प्लांटों पर तमाम अनियमितताएं मिलीं।
मैनपुरी रोड़ स्थित माडई पर मां वैष्णो फ्रूट कंपनी पर छापा मारा गया। यह प्लांट बिना लाइसेंस के संचालित पाया गया। केला सही विधि से नहीं पकाया जा रहा था। गैस के बारे में संचालक को कोई जानकारी नहीं थी। अन्य तमाम अनियमितताएं मिलने पर खाद्य विभाग ने नोटिस जारी कर दिया है।
इसके बाद संचालक के खिलाफ मुकदमा दायर किया जाएगा। टीम ने यूपीआईडीसी, नौशहरा और रसूलपुर में भी केला पकाने वाले प्लांट पर छापा मारा। यहां भी अनियमितता पाई गई। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर ने बताया कि अवैध चलने वाले प्लांटों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस मौके पर खाद्य सुरक्षाधिकारी विनय यादव, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।
ऐसे पकाते हैं केला
चाइनीज पाउडर के नाम जाने वाले कई रसायनों को पानी में डुबोकर रात भर उसमें रखा जाता है। इससे केले का आकार बढ़ जाता है और पीला रंग आ जाता है।
ऐसे करें पहचान
रसायन से पकाए केले का ऊपर और नीचे का भाग हरा रहता है। बाकी पीला होता है। केला ऊपर से पका और अंदर से कच्चा होता है।