फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सात साल पहले शादी कर चुका एक युवक दूसरी दुल्हन को लेकर अपने घर पहुंच गया। इसकी भनक लगते ही पहली पत्नी ससुराल पहुंची और डायल- 112 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली। मामला थाने पहुंचा। जहां दोनों पक्षों के बीच घंटों चली पंचायत के बाद समझौता हो गया।
गांव नगला बलू थाना नारखी निवासी सद्दाम की शादी करीब सात वर्ष पहले जसराना थाना क्षेत्र के नगला बेंत की शिवानी से हुई थी। सोमवार को सद्दाम दूसरी शादी कर नई दुल्हन को लेकर घर पहुंचा। इसकी जानकारी होते ही पहली पत्नी ने विरोध जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक, पहली पत्नी और परिजन को थाने ले आई। इस दौरान थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और पंचायत हुई। इसके बाद में समझौता हो गया। राजीनामे के अनुसार, पहली पत्नी शिवानी 22 जुलाई तक अपने सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान ले लेगी। साथ ही दोनों पक्षों ने भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न होने की बात लिखित रूप से दी। इसके बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया। दूसरी दुल्हन के साथ घर पहुंचने और फिर थाने तक मामला पहुंचने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।