फिरोजाबाद। सड़क,साइड पटरी एवं नाली निर्माण संबंधी समस्याओं को लेकर कई निगम पार्षद मुख्य अभियंता से मिले। पार्षदों का आरोप कई ठेकेदार टेंडर लेने के बाद काम अधूरे छोड़ दिए हैं। ऐसे ठेकदारों का भुगतान रोकने अन्यथा कार्रवाई की मांग की है।
निगम पार्षदों का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को मुख्य अभियंता निर्माण आरपी सिंह से मिला। वार्ड 35 के पार्षद अभिनेद्र यादव ने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार पर तालाब निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया। वहीं वार्ड 11 के पार्षद शशि यादव ने ठेकेदार पर नव निर्मित सड़क की साइड पटरी निर्माण नहीं कराने की बात कही। मुख्य अभियंता से मिले एक अन्य पार्षद शारिक सलीम ने कहा कि उनके वार्ड स्थित नव निर्मित गली में जलभराव की समस्या हो गई। सोमवार को निगम पहुंचे पार्षदों में ऊषा शंखवार, सैफू, सुभाष यादव आदि शामिल थे। वहीं पूछे जाने पर मुख्य अभियंता आरपी सिंह ने कहा कि पार्षदों की शिकायतों के आधार पर संबंधित स्थलों की जांच कराई जाएगी। काम अधूरा छोड़ने अथवा लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था व ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
बदहाल सड़कें और पेयजल किल्लत से जनता परेशान, निगम में नहीं हुई सुनवाई
फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के दो वार्डों में बदहाल सड़कें और पेयजल किल्लत स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। वार्ड संख्या एक के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला प्रताप नगर सैलई में पिछले कई महीनों से जर्जर सड़क और पानी का गंभीर संकट बना हुआ है, जिससे लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। इसी समस्या को लेकर जब सोमवार को सैलई के परेशान महिला-पुरुष नगर निगम पहुंचे, तो नगर आयुक्त की अनुपस्थिति के कारण उन्हें निराश होकर बैरंग लौटना पड़ा।
दूसरी ओर, वार्ड संख्या 29 के मोहल्ला टापा खुर्द की स्थिति भी बदतर है, जहां जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग कच्चा होने के कारण बरसात में पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुका है। इस रास्ते से गुजरते समय बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सैकड़ों शिकायतों के बाद भी निगम के निर्माण और जलकल विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र के निवासी गौरी किशन राजपूत ने नगर आयुक्त को एक शिकायती पत्र भी सौंपा है। संवाद