फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र में मंगलवार रात पति ने भारी वस्तु मारकर पत्नी की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति सहित सात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की तीन टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। मृतका के पिता ने बताया छह माह पहले ही पति समझौता कर ससुराल लाया था। एक साल वह मायके में रही थी। झगड़े के दौरान उसकी हत्या कर दी।
नगला विश्नू निवासी बृजमाला की मंगलवार रात पति मोहित ने भारी वस्तु से सिर में मारकर हत्या कर दी। मृतका की पुत्री ने पूछताछ में बताया था कि मम्मी-पापा के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद पापा ने मम्मी को सीढ़ी से धक्का दे दिया। मामले में परिजन ने पति मोहित, सास मीरा, देवर अजय और राहुल, अनीता, बहनोई पप्पू और मामा सतीश के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
रामगढ़ के मोहल्ला ठारपूठा निवासी मृतका के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में बेटी की शादी मोहित से हुई थी। शादी के बाद से झगड़े हुए थे। वर्ष 2023 में मोहित ने उनकी बेटी की बेरहमी से पिटाई की थी। केस दर्ज होने के बाद वह करीब छह महीने पहले सुलह-समझौता कर बेटी को घर ले गया था और अब उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि लाइनपार क्षेत्र में महिला की हत्या में पति सहित सात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।